पाटोदा गांव में परिवार पहचान पत्र की तरफ से कैंप का आयोजन किया गया। इसमें परिवार पहचान पत्र के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने शिरकत की। कैंप की अध्यक्षता गांव के सरपंच गोविंद यादव ने की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। करीब 500 ग्रामीणों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उन्हें लागू कराने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। डॉ. सतीश खोला ने कहा कि हरियाणा प्रदेश ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पारदर्शी व्यवस्था में पूरे देश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का ठोस और पारदर्शी तंत्र विकसित किया है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर प्रणाली ने बिचौलियों और भ्रष्टाचार की संभावनाओं को पूरी तरह समाप्त करते हुए पात्र लाभार्थियों को सीधे लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया है। राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार योजनाओं से वंचित न रहे। डॉ. सतीश खोला ने कहा कि हरियाणा सरकार ने पारदर्शिता और जवाबदेही को शासन का मूल आधार बनाया है। परिवार पहचान पत्र के माध्यम से अब प्रत्येक परिवार को उसकी आय, संरचना और आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इससे एक ओर योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंच रहा है तो दूसरी ओर अपात्र लोगों के लिए योजनाओं का दुरुपयोग पूरी तरह रुका है।