बहादुरगढ़ में रबी फसल के लिए डीएपी खाद की भारी कमी के चलते बादली में किसानों के बीच डीएपी पाने के लिए मारामारी की स्थिति बन गई। मंगलवार सुबह 4 बजे से ही किसान डीएपी के बैग लेने के लिए लाइन में लग गए थे, जिससे अव्यवस्था फैल गई। बादली पैक्स में केवल 1000 बैग पहुंचे, जिन्हें किसानों में वितरित किया जाना था, लेकिन अव्यवस्था के कारण समय पर वितरण संभव नहीं हो पाया। भीड़ और अव्यवस्था का माहौल डीएपी की कमी को देखते हुए पिछले कई दिनों से किसान इंतजार कर रहे थे और मंगलवार को डीएपी के वितरण की घोषणा के बाद बड़ी संख्या में किसान सुबह से ही पैक्स केंद्र पर जमा हो गए। लंबी लाइन और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की मदद ली गई, लेकिन इसके बावजूद दोपहर 12 बजे तक खाद का वितरण नहीं हो पाया था।