बहादुरगढ़। कर्मचारी राज्य बीमा i निगम (ईएसआईसी) के बहादुरगढ़ शाखा प्रबंधक कुलदीप सिंह को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई भिवानी से आई एसीबी टीम ने इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के नेतृत्व में की। जानकारी के अनुसार, बहादुरगढ़ के कच्चा बाग निवासी मंजू के पति रोहताश एक फैक्ट्री में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत थे। करीब दो वर्ष पहले कार्य के दौरान हुए हादसे में वे अस्थायी रूप से दिव्यांग हो गए थे। उन्हें मिलने वाली अपंगता सहायता राशि करीब 2 लाख 40 हजार रुपये जारी करने के बदले शाखा प्रबंधक कुलदीप सिंह द्वारा 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। पीड़िता मंजू ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी भिवानी से निरीक्षक जगजीत की टीम ने जाल बिछाया। वीरवार सुबह मंजू ने जैसे ही आरोपी को 40 हजार रुपये दिए, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने उसे रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एसीबी की टीम मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।