राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत बच्चों को पेट के कीड़ों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत लाइनपार स्थित नेता जी नगर अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने मंगलवार को वत्स कॉलोनी में घर-घर जाकर बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोलियां खिलाईं। इस दौरान अभियान की देखरेख डॉ. रोहित और डॉ. रवि ने की, जबकि एएनएम मंजू कुमारी ने स्वास्थ्य टीम के साथ कॉलोनी में जाकर 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली दी और अभिभावकों को इसके महत्व के बारे में जानकारी भी दी। अभियान के दौरान नगर परिषद के वाइस चेयरमैन राजपाल शर्मा ने भी लोगों को एल्बेंडाजोल की गोलियों के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि यह दवाई बच्चों के पेट के कीड़ों को खत्म करने में बेहद कारगर है और सभी अभिभावकों को अपने बच्चों को यह दवा जरूर दिलवानी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग के अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. सुंदरम ने बताया कि बहादुरगढ़ में करीब 70 हजार से अधिक एक वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोरों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान 21 अप्रैल से 5 मई तक चलेगा और इसमें यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी बच्चा दवाई खाने से वंचित न रह जाए। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में भी बच्चों को यह गोली खिलाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक बच्चों तक इस अभियान का लाभ पहुंच सके। एसएमओ डॉ. मधूप सेठी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को यह दवाई जरूर दिलवाएं, जिससे पेट के कीड़ों का नाश हो सके और बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास बेहतर हो। इस अभियान को सफल बनाने में आशा वर्कर नीतू, पूनम, मुकेश, मीना और जुगनू का विशेष सहयोग रहा।