हरियाणा सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में बड़ी धूमधाम से तीज महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को झज्जर जिला प्रशासन द्वारा खातिवास गांव के पास स्थित निजी स्कूल में जिला स्तरीय तीज महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशासन के जिला स्तरीय तीज महोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा सरकार में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा पहुंचे। कार्यक्रम में पहुंचने पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा का जिला उपायुक्त रविंद्र पाटिल ने स्वागत किया। कार्यक्रम में पहुंचने के बाद कृषि मंत्री ने महिलाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए 16 गांव में बने महिला सांस्कृतिक केन्द्रों का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर हरियाणा सरकार में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हमारे देश की परंपरा के अनुसार यह विवाहित महिलाएं का पर्व है। जो हमारी कुंवारी बेटियां हैं, वो आज के दिन भगवान शंकर और माता पार्वती की पूजा करते हैं ताकि उनको मनचाहा वर मिले, ऐसी कामना करती हैं। तीज का पर्व पूरे भारत की एकता का प्रतीक है और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है।