गांव आर्यनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले दस दिन से पानी भरा हुआ है। सीएचसी में करीब तीन से चार फीट तक पानी भरा हुआ है। सीएचसी के अंदर लाखों रुपये के उपकरण, मशीन और अन्य सामान खराब हो रहा है। सीएचसी को फिलहाल अस्थायी तौर पर गांव की न्यू कुम्हार धर्मशाला में चलाया जा रहा है। गांव आर्यनगर की सीएचसी में आसपास के 10 गांवों के लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं। इस सीएचएसी में 70 कर्मचारियों का स्टाफ है। जिसमें 5 मेडिकल ऑफिसर तथा एक सीनियर मेडिकल ऑफिसर तैनात है। गांव की सीएचसी सड़क से तीन फीट नीचे है। जिसके चलते थोड़ी सी बरसात में ही यहां जलभराव हो जाता है। इस बार तेज बारिश तथा खेतों से आए पानी के कारण सीएचसी में तीन से चार फीट पानी भर गया है। सीएचसी के स्टाफ क्वार्टर में भी पानी भरा हुआ है। जिसके चलते स्टाफ सदस्य इन मकानों को खाली कर चुके हैं। सीएचसी में पहुंचे ग्रामीण बलजीत सिंह ने बताया कि उनका मकान बीपीएल कालोनी में बना हुआ है।पिछले एक सप्ताह से मकान छोड़ कर अपने रिश्तेदार के यहां रह रहे हैं। जलभराव के कारण उनको छोटे छोटे काम के लिए इस गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। जिस कारण उसका बेटा विकास बीमार हो गया है।