हांसी वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे सेक्टरवासियों को आज शहर के कांग्रेस नेताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों का समर्थन संवाद न्यूज एजेंसी हांसी में पानी का संकट अब जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। हांसी शहर के पॉश जगह हुड्डा सेक्टर-5 के लोग भी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे सेक्टरवासियों को आज शहर के कांग्रेस नेताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों का समर्थन मिला। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। हांसी के हुड्डा सेक्टर-5 में पेयजल संकट को लेकर अनिश्चितकालीन धरना लगातार तेज होता जा रहा है। सेक्टरवासियों का आरोप है कि वर्ष 2010 में प्लॉट आवंटित होने के बाद से आज तक उन्हें नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं मिल पाई। प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मुख्यमंत्री और हाईकोर्ट तक गुहार लगाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों का कहना है कि पानी की लाइनें बिछी हैं, लेकिन उनमें नियमित पानी नहीं आता, जिससे उन्हें टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। धरने में शामिल महिलाओं का कहना है कि उन्होंने बेहतर सुविधाओं की उम्मीद में शहर के सेक्टर में मकान बनाए थे, लेकिन आज पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि पानी की समस्या से संपत्तियों के दाम और बिक्री भी प्रभावित हो रही है। धरने पर बैठे लोगों का आरोप है कि पानी नहीं मिलने के बावजूद हजारों रुपये के पानी के बिल लगातार भेजे जा रहे हैं। सेक्टर प्रधान शशीकान्त यादव ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर लघु सचिवालय के लिए आवंटित जमीन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और स्टे लेने की भी बात कही गई है। चानौत के बाद अब सेक्टर-5 का आंदोलन इस बात का संकेत दे रहा है कि हांसी में पानी का मुद्दा आने वाले दिनों में और बड़ा जनआंदोलन बन सकता है।