शहीद जनकल्याण मोर्चा ने नए साल की शुरुआत सेहत के साथ का संदेश के साथ की। एक जनवरी को चार जगह दूध महोत्सव में दूध और देसी घी में बनी जलेबी बांटी गई। नव वर्ष पर एक जनवरी को सुबह पांच बजे से सुबह 11 बजे तक जिंदल अस्पताल के पास, मधुबन पार्क के सामने, एचएयू गेट नंबर के सामने और गांव डोभी बस अड्डे पर लोगों को गर्म दूध के साथ जलेबियां परोसी। मोर्चा के के सदस्य जिला परिषद के सदस्य आशीष कुमार कुक्की ने कहा कि तमाम लोग नशाखोरी से परेशान हैं। इसके बावजूद कई युवा नए साल में शराब पीकर उत्पात मचाते हैं जो युवाओं समेत सबके लिए घातक है। उन्होंने कहा कि सभी युवाओं को नए साल पर जंक फूड और नशा छोड़ने का संकल्प लेना चाहिए। देश के विकास में तरक्की करके देश और हरियाणा का नाम रोशन करना चाहिए। पार्षद जगमोहन ने कहा कि युवाओं को खेलों में भागीदारी रखनी चाहिए। रोजाना सुबह या शाम एक घंटे सैर और व्यायाम करना चाहिए। उन्होंने अधिकतम लोगों से इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया है। इस दौरान पूर्व पार्षद सुरेंद्र पंघाल, मनोज लोहिया, कृष्ण शर्मा, ओपी बॉक्सर, विनोद काका, अमित ढुल, राकेश सांगवान, वेद सेठी आदि मौजूद रहे।