फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हांसी हुड्डा सेक्टर-5 पॉश जगह भी पानी की किल्लत के चलते अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन में प्रवेश

हांसी नवीन शर्मा संवाद न्यूज एजेंसी हांसी में पेयजल संकट अब बड़ा जनआंदोलन बनता जा रहा है। शहर के पॉश हुड्डा सेक्टर-5 में भी पानी को लेकर अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन में प्रवेश कर गया है। वर्षों से नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं मिलने से नाराज सेक्टरवासियों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सेक्टर-5 के निवासियों का कहना है कि वर्ष 2010 में प्लॉट आवंटित होने के बाद से आज तक उन्हें नियमित पेयजल सुविधा नहीं मिली। पानी की पाइपलाइन बिछी होने के बावजूद सप्लाई नहीं आती, जिससे लोगों को टैंकरों के भरोसे रहना पड़ रहा है। वहीं, पानी न मिलने के बावजूद हजारों रुपये के बिल भेजे जाने का भी आरोप लगाया गया है। सेक्टर प्रधान शशिकांत यादव ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में हाईकोर्ट में मामला पहुंचने के बाद एचएसवीपी ने सेक्टर में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाने का आश्वासन दिया था। लेकिन जिस जमीन पर प्लांट प्रस्तावित था, उसे बाद में लघु सचिवालय के निर्माण के लिए आवंटित कर दिया गया। अब अधिकारी जमीन उपलब्ध न होने का हवाला देकर जिम्मेदारी से बच रहे हैं। धरनारत लोगों का कहना है कि उन्होंने बेहतर सुविधाओं की उम्मीद में शहर में घर बनाए थे, लेकिन आज पीने के पानी जैसी मूलभूत जरूरत के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि जल्द नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति शुरू नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर लघु सचिवालय के लिए आवंटित जमीन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर स्टे लेने की भी तैयारी की जाएगी। चानौत के बाद अब सेक्टर-5 का आंदोलन यह संकेत दे रहा है कि हांसी में पेयजल संकट को लेकर जनआक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें