संवाद न्यूज एजेंसी। हांसी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को हांसी में छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अंबेडकर चौक से शुरू हुआ यह मार्च शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होकर गुजरा। इसमें बड़ी संख्या में छात्र, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर छात्रों के समर्थन में नारे लगाए और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जंतर-मंतर पर निहत्थे छात्रों पर किया गया कथित लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उनका आरोप था कि छात्राओं के साथ भी अमानवीय व्यवहार किया गया, जिससे सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिना वर्दीधारी लोगों द्वारा छात्रों पर लाठीचार्ज किए जाने की बातें सामने आई हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। प्रदर्शन में शामिल छात्र लवकेश ने कहा कि युवाओं के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं और सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में विफल रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। पूरे मार्च के दौरान प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, जबकि पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए रहा।