फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिसार में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में महिला वर्ग में फिजिक्स विभाग की रिशिका ने पहला स्थान जीता

गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में महिला वर्ग में फिजिक्स विभाग की रिशिका ने पहला, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग की संजू ने दूसरा तथा विधि विभाग की निशु ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुरूष वर्ग में गणित विभाग के मयंक धनखड़ ने पहला, भूगोल विभाग के अंकुश ने दूसरा तथा इंग्लिश विभाग के रवि ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महाराणा प्रताप खेल स्टेडियम में शुरू हुई दो दिवसीय दूसरी यूटीडी खेल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को बतौर मुख्यातिथि संबोधित करते हुए पूर्व आईपीएस रामफल पंवार ने कहा है कि खेल प्रतियोगिताएं शारीरिक व मानसिक कौशल प्रदर्शित करने का एक प्रतिष्ठित मंच हैं। यह मंच विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के लिए भी प्रोत्साहित करता है। खेल व शिक्षा दोनों का संतुलन ही जीवन को सशक्त बनाता है। मुख्यातिथि रामफल पंवार ने कहा कि उन्हें यह देखकर खुशी है कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थी काफी फिट व ऊर्जावान हैं। स्वस्थ व्यक्ति ही जीवन के हर क्षेत्र में उन्नति कर सकता है। इसके लिए अपने मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को बनाए रखें। इसके लिए खेलों में भाग लेना अत्यंत आवश्यक है। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि खेल प्रतियोगिताएं केवल प्रतिस्पर्धा का अवसर नहीं, बल्कि खुद को बेहतर बनाने का माध्यम भी हैं। असली सफलता परिणाम से ज्यादा प्रयास में है। खेल का मैदान जीवन को सशक्त बनाने का सबसे बड़ा मंच होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में किसी न किसी खेल में अवश्य भाग लें। विद्यार्थियों की ऊर्जा, अनुशासन और उत्कृष्टता विश्वविद्यालय में सकारात्मक वातावरण उत्पन्न करती है, जो हर क्षेत्र में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि इसी सकारात्मक ऊर्जा के कारण आज गुजविप्रौवि प्रदेश का श्रेष्ठ विश्वविद्यालय है तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। खेल निदेशक डा. एस.बी. लुथरा ने अपने धन्यवाद सम्बोधन में बताया कि इस दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता में कुल 23 प्रतियोगिताएं होंगी। विश्वविद्यालय के शिक्षकों व कर्मचारियों के लिए भी खेल प्रतियोगिताएं रखी गई हैं। इस अवसर पर संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, गैर शिक्षक कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें