नवीन शर्मा संवाद न्यूज एजेंसी हांसी जिले के गांव भाटला के पास शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बाइक और स्कूटी की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। मृतक की पहचान 21 वर्षीय रजत निवासी बरवाला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रजत शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे स्कूटी पर परीक्षा देने जा रहा था। जैसे ही वह भाटला गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही बाइक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रजत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। भाटला पुलिस चौकी की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। परिजनों के अनुसार रजत चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि उसका बड़ा भाई अविवाहित है। बेटे की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।