हांसी-जींद रोड पर सेक्टर-6 चौक के पास बरसाती पानी की निकासी नहीं होने से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने मोर्चा संभालते हुए सड़क पर प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी तरफ पुरुषों ने रोड जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने तीन घंटे से ज्यादा समय से रोड जाम किया हुआ है। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि बरसाती पानी की निकासी को लेकर वे कई जगह शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा। आरोप है कि अधिकारी उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। विधायक विनोद भयाना नहीं सुध रहे है। सेक्टरवासी निर्मला देवी ने बताया कि विधायक विनोद भयाना की ओर से भी सीवरेज का पानी निकलवाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक हालात जस के तस हैं। सड़क और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सेक्टरवासी अनिता चंदेला ने साफ कहा कि जब तक बरसाती पानी की निकासी का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा। महिलाओं का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही, अब मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ा है। वहीं, सुनीता देवी ने कहा कि हम लोग काफी परेशान हैं, लेकिन हमारी कोई सुनने वाला नहीं है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। विधायक से लेकर अधिकारियों तक अपनी समस्या पहुंचा चुके हैं, लेकिन कहीं से कोई सुनवाई नहीं हो रही। बरसाती पानी की निकासी नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।