गांव चानौत में शहर के लिए बिछाई जा रही भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन से टी-कनेक्शन की मांग को लेकर दो महीने से चल रहे धरने के बीच बीच आंदोलनकारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज दोपहर करीब 1 बजे हांसी पहुंचें व धरना कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार, धरना कमेटी को बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया था। उम्मीद जताई जा रही है कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और धरना कमेटी के बीच होने वाली इस बैठक में लंबे समय से चले आ रहे विवाद के समाधान की दिशा में कोई सकारात्मक रास्ता निकल सकता है। बैठक हांसी के स्थानीय विश्राम गृह में आयोजित की जा रही है। इस दौरान हांसी विधायक विनोद भयाना, डीसी, एसपी सहित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक को अब तक गोपनीय रखा गया था। वहीं, मंगलवार देर रात को आंदोलनकारियों के जींद कूच से पहले धरना कमेटी के 33 सदस्यों को नोटिस जारी किए जाने की भी जानकारी सामने आई थी, जिससे मामले ने और अधिक चर्चा पकड़ ली है। अब सभी की नजरें इस बैठक के परिणाम पर टिकी हुई हैं।