हिसार के मिलगेट एरिया में सोमवार की रात करीब 11.30 बजे पुलिस की टीम बर्थडे पार्टी में बजाए जा रहे डीजे को बंद कराने पहुंची तो पार्टी कर रहे युवकों से भिडंत हो गई। पुलिस कर्मियों ने बताया युवकों को स्पीकर बंद करने को कहा तो युवकों ने छत पर चढ़कर पथराव करना शुरू कर दिया। जब पुलिस उन्हें छत पर पकड़ने के लिए पहुंची तो 2 युवक छत से कूद गए। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। युवकों को सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां युवक गणेश की मौत हो गई। दूसरे युवक की गंभीर हालत देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पथराव में चौकी इंचार्ज समेत 2 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।