जिले में सरकारी योजनाओं के ऑन लाइन व ऐप के फेर में पेंशन व सरकारी योजनाओं के लाभ अटक गए हैं। बेचारे गरीब व जरूरत मंद लोगों को पेंशन व अन्य लाभ लेने के लिए बुढ़ापे में सुबह पहले ही दौड़ लगानी पड़ रही है। पिछले करीब तीन माह से बुढ़ापा पेंशन ना मिलने से दुखी तो कुछ कागज जमा करवाने के बाद भी पेंशन ना मिलने से आहत होकर लोग जिला समाज कल्याण विभाग कार्यालय में सुबह पहले ही कतार में लगे मिले। सोमवार को जिला समाज कल्याण विभाग में पड़ताल की लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ लेने वाली महिलाएं पसीना बहाते दिखी। लाडो लक्ष्मी मोबाइल ऐप ना चलने के कारण इन महिलाओं के बैंक खाते में प्रति माह मिलने वाले 2100 रुपये नही पहुंचे। इसे लेकर समाज कल्याण विभाग के अधिकारी भी बेबस नजर आए। सरकार द्वारा मोबाइल ऐप पर ही वेरिफिकेशन का ऑप्शन दिया गया है, लेकिन ग्रामीण अंचल की महिलाओं को यह ऐप चलाना नही आ रहा। जिससे उन्हें हर माह मिलने वाली 2100 रुपये की रकम बैंक खातों में नहीं पहुंच पा रही है।