रोहतक सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने रविवार को हांसी में जल भराव से प्रभावित गाँव भाटोल जाटान, थुराना, कुंभा, हांसी सिटी, भटला, चन्नोट, घिराई के विभिन्न इलाकों का दौरा किया और लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सांसद जय प्रकाश भी मौजूद रहे।हांसी में पत्रकार वार्ता में दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामी से जलभराव के हालात भयावह हो गए हैं। बड़े पैमाने पर लोगों को नुकसान हुआ है। पूरे प्रदेश में जलभराव के कारण 3000 गांवों की लगभग 10.80 लाख एकड़ फसल क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इस दौरान ग्रामीणों ने सांसद दीपेन्द्र हुड्डा को बताया कि जलभराव के चलते खेतों में फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं और अगली फसल की बिजाई भी संभव नहीं दिख रही है। लोगों ने बताया कि जलभराव से घरों को भी काफी नुकसान हुआ है। दीपेन्द्र हुड्डा ने सरकार से मांग करी कि मुख्यमंत्री जी तुरंत हरियाणा में बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत पैकेज की घोषणा करें, साथ ही स्पेशल गिरदावरी कराई जाए और किसानों को 50,000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए। बरसात के कारण जिनकी खड़ी फसल बर्बाद हुई है उनको डबल मुआवजा दिया जाए साथ ही जो किसान फसल की बिजाई नहीं कर पाए उनको भी पूरा मुआवजा दिया जाए साथ ही बाढ़ प्रभावित रिहायशी इलाकों में क्षतिग्रस्त हुए घरों, दुकानों के लिये भी सर्वे कराकर मुआवजा दिया जाए।