हिसार। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर शनिवार को पीडबल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा के आवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने मंत्री आवास के बाहर लगाए बेरिकेडस तोड़ने का प्रयास किया। करीब दस मिनट तक पुलिस तथा कर्मचारियों के बीच बेरिकेडस पर धक्का-मुक्की होती रही। कर्मचारी आगे बढ़ने का प्रयास करते दूसरी ओर पुलिस उनको रोकने का प्रयास करती रही। बाद में मंत्री के बेटे संजीव गंगवा ने कर्मचारियों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। वादों को पूरा न किए जाने के विरोध में हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के प्रदेश भर के कर्मचारी हिसार के सेक्टर-15 स्थित कम्युनिटी सेंटर में एकत्रित हुए। यहां यूनियन के नेताओं ने कर्मचारियों को संबोधित किया। यूनियन के राज्य प्रधान गंगाराम मौण के नेतृत्व में कर्मचारियों ने मंत्री के कैंप कार्यालय की ओर कूच किया। राज्य महासचिव जरनैल सिंह , हिसार जिला प्रधान ओमप्रकाश माल, जिला सचिव दीपक मेहरा सहित राज्य कार्यकारिणी सबसे आगे रही। उमस भरी चिपचिपी गर्मी में कर्मचारी पैदल मार्च निकालते हुए मंत्री आवास तक पहुंचे। मंत्री आवास पर पुलिस ने बेरिकेडिंग की हुई थी। कर्मचारियों ने इस बेरिकेडिंग को तोड़ने के लिए कई बार प्रयास किए। करीब दस मिनट तक दोनों पक्षों के बीच जोर आजमाइश होती रही। बाद में कर्मचारी नेताओं ने बेरिकेडस पर चढ़ कर भाषण दिया। इसके बाद कर्मचारी प्रतिनिधि मंडल को बातचीत के लिए आमंत्रित किया।