नवीन शर्मा संवाद न्यूज एजेंसी हांसी में तेज धूप के साथ गर्मी ने एक बार फिर लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। हांसी समेत प्रदेश के कई इलाकों में आज तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले एक महीने में आज का दिन सबसे अधिक गर्म महसूस किया गया। उमस इतनी ज्यादा रही कि लोगों का पसीना तक नहीं सूख रहा था। हांसी में शनिवार को भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। उमस के साथ तेज धूप के कारण बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी। लगातार उमस के चलते लोग बेहाल नजर आए और राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखे। हांसी निवासी लवकेश कुमार ने बताया कि आज बहुत ज्यादा उमस भरी गर्मी है। पसीना बिल्कुल नहीं सूख रहा। गर्मी से बचने के लिए हम ठंडे पेय पदार्थों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पिछले कई दिनों के मुकाबले आज सबसे ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है। हालांकि मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जताई है। विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में हरियाणा के कई हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।