शहर के पॉश सेक्टर-5 में वर्षों से पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों का अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी है। चौथे दिन धरने को समर्थन देने पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल मक्कड़ ने सेक्टरवासियों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि लोगों को उनके घरों तक नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाना चाहिए। कांग्रेस नेता राहुल मक्कड़ ने भाजपा विधायक विनोद भयाना पर आरोप लगाते हुए कहा कि सेक्टर-5 के लोगों को जानबूझकर पानी नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि विधायक चाहते हैं कि लोग अपने मकान बेचकर यहां से चले जाएं और उनकी उनके द्वारा विकसित की गई कॉलोनियों में जाकर बसें। उन्होंने कहा कि जनता को पानी जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। यदि लोगों की इस बुनियादी समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी। धरने पर बैठे सेक्टर प्रधान शशिकांत यादव का कहना है कि वे वर्षों से नियमित पेयजल आपूर्ति की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उनका कहना है कि जब तक सेक्टर में नियमित पानी की व्यवस्था नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।