नवीन शर्मा हांसी में शुक्रवार को हुई बारिश ने उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और उमस के बाद बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश का सबसे अधिक फायदा किसानों को मिलने की उम्मीद है। खेतों में खड़ी फसलों के लिए यह बारिश किसी सोने से कम नहीं मानी जा रही है। किसानों का कहना है कि समय पर हुई बारिश से फसलों की बढ़वार बेहतर होगी और सिंचाई की आवश्यकता भी कम पड़ेगी। हांसी निवासी लवकेश टुटेजा ने कहा कि बारिश से मौसम काफी खुशनुमा हो गया है। उमस भरी गर्मी से राहत मिली है और यह बारिश किसानों के लिए भी बेहद लाभदायक साबित होगी। उनका कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह मौसम अनुकूल रहा तो फसलों को अच्छा फायदा मिलेगा। बारिश के बाद शहर का मौसम पूरी तरह बदल गया और लोगों ने ठंडी हवाओं का आनंद लिया। किसानों को उम्मीद है कि यह बारिश उनकी फसलों के लिए वरदान साबित होगी।