संवाद न्यूज एजेंसी हांसी में हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। करीब एक सप्ताह से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली। कई दिनों से तेज धूप और उमस के कारण आमजन बेहाल थे, वहीं किसान भी बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे क्योंकि खेतों में खड़ी फसलों पर गर्मी का असर दिखाई देने लगा था। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंडी हवाओं से लोगों ने राहत महसूस की। बाजारों और सड़कों पर भी लोगों के चेहरों पर खुशी नजर आई। किसानों का कहना है कि यह बारिश फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी और खेतों में नमी बढ़ने से फसल को संजीवनी मिलेगी। वही अमर सैनी ने बताया कि पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी के कारण लोग काफी परेशान थे। गर्मी इतनी ज्यादा थी कि बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था। आज हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को बड़ी राहत मिली है। वही भारत भूषण ने बताया कि बारिश के बाद ठंडी हवा चलने से चाय पीने वालों की संख्या भी बढ़ गई है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश होगी, जिससे गर्मी से और राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है तथा उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।