हरियाणा लाइव स्टॉक डेवलेपमेंट बोर्ड के चेयरमैन धर्मबीर मिर्जापुर ने कहा कि हरियाणा में सेक्स सॉर्टेड सीमन अच्छी नस्ल के गोवंश को बढ़ाया जाएगा। प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड से सेक्स सॉर्टेड सीमन की एक लाख डोज ली हैं। जिसमें साहीवाल तथा जर्सी गाय का है। जिससे गाय से बछडी ही पैदा होंगी। लाइव स्टॉक बोर्ड ऐसा सीमन अपने स्तर पर तैयार करने की योजना पर भी काम करेगा। हरियाणा अपने स्तर पर चार नस्ल का काम करेगा। हमारा बोर्ड जल्द ही इस पर काम करेगा। आने वाले समय में मुर्राह नस्ल का ऐसा सेक्स सॉर्टेड सीमन भी तैयार कराएंगे। हिसार में पहुंचे हरियाणा लाइव स्टॉक डेवलेपमेंट बोर्ड के चेयरमैन धर्मबीर मिर्जापुर ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि हरियाणा में पशुधन को बढाया जाएगा। प्रदेश में दूध उपलब्धता को बढ़ाने के लक्ष्य को लेकर काम कर रहे हैं। हरियाणा प्रति व्यक्ति दूध उत्पादन में देश में तो उच्च स्थान पर है। युवा पशुपालन- डेयरी को एक व्यवसाय के तौर पर अपनाएं इसके लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि मुंहखुर तथा गलघोंटू का अब एक टीका लगेगा। पहले यह दोनाें अलग अलग होते थे। पशु पालकाें के लिए बीमा योजना भी चलाई जा रही है। प्रदेश में गोशालाओं का बजट कई गुणा बढाया है। अब गांव की पंचायत 5 हजार प्रति एकड़ के हिसाब से पंचायती जमीन को गोशाला को चारे के लिए दे सकेंगे। चेयरमैन धर्मबीर मिर्जापुर ने बताया कि प्रदेश में डेयरी की संख्या बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से लोन दिलाया जा रहा है। जिसमें अनुदान भी दिया जाता है। भूमिहीन किसानों के लिए मुर्गी पालन, बकरी पालन आदि योजना चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी के पीछे दौड़ने की बजाए अपने व्यवसाय की ओर बढ़ना चाहिए। जिसमें उनके लिए अपार संभावनाएं हैं। दूध से कई तरह के उत्पाद बनाकर व्यापार किया जा सकता है। ऐसे प्रोजेक्ट के लिए प्रदेश सरकार की ओर से सहायता भी दी जा रही है।