संवाद न्यूज एजेंसी हांसी साइबर थाना पुलिस को ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर हुई 19.71 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 25 हजार रुपये बरामद किए हैं। साइबर थाना हांसी के पीएसआई रविंद्र ने बताया कि फरवरी 2026 में हांसी निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश में अधिक मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई आईडी के जरिए उससे 19 लाख 71 हजार रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रांजेक्शन की जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए समीर पुत्र अख्तर रसूल निवासी नया बास, राजस्थान के जिला चूरू को हनुमानगढ़ से गिरफ्तार किया। इस मामले में यह तीसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले पुलिस दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान पहले भी ठगी की कुछ राशि बरामद की जा चुकी थी। अब अनुसंधान के दौरान 25 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि भी बरामद कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। मामले की आगे की जांच जारी है।