संवाद न्यूज एजेंसी हांसी। शहर की शांति निकेतन कॉलोनी में पिछले चार महीनों से अधूरी पड़ी गली को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ जमकर नाराजगी जताते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। लोगों का आरोप है कि करीब चार महीने पहले गली तोड़ दी गई थी, लेकिन उसके बाद से निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। बारिश के कारण टूटी गली में जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है, जिससे हजारों लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बुर्जुगों आम लोग व बच्चों को आने-जाने में भारी परेशानी होगी। वाहन तक गली से नहीं निकल पा रहे हैं। राजबीर एवं सतबीरी नामक महिला ने ने साफ चेतावनी दी कि यदि तय समय तक काम शुरू नहीं हुआ तो वे हाईवे जाम कर आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि पिछले चार महीनों से केवल आश्वासन मिल रहे हैं, लेकिन अब वे और इंतजार नहीं करेंगे। शिकायत मिलने पर एडीसी लक्षित सरीन नगर परिषद के जेई के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाकर चार महीने तक काम बंद रखने पर कड़ी फटकार लगाई। ठेकेदार ने बताया कि पहले 20 लाख रुपये का ठेका था, जो पर्याप्त नहीं था। बाद में 43 लाख रुपये में नया ठेका जारी किया गया है और दो दिन के भीतर काम शुरू कर दिया जाएगा। इस पर एडीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए ठेकेदार को निर्देश दिए कि कल सुबह 11 बजे तक हर हाल में निर्माण कार्य शुरू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को अब और परेशानी नहीं होने दी जाएगी।