स्वतंत्रता सेनानी जन कल्याण संगठन के सदस्यों ने शुक्रवार को डीसी के माध्यम से सीएम नायब सिंह सैनी को मांगपत्र भेजा। जिसमें इन परिवारों ने कई मांग रखी। स्वतंत्रता सेनानियों व उनके उत्तराधिकारियों ने डीसी के समक्ष अपनी पीड़ा रखी। डीसी ने कहा कि आपके सम्मान में किसी तरह की कमी नहीं आने देंगे। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों को 2 प्रतिशत आरक्षण होरिजेंटल दिया जाए। पूर्व सैनिकों के साथ इसको शामिल न किया जाए। उतराखंड की भारतीय जनता पार्टी की सरकार की कुटुंब पेंशन योजना की तरह से स्वतंत्रता सेनानी की प्रथम पीढ़ी का देहांत होने के बाद उनके समस्त परिवार को 5000-5000 रुपये पेंशन दी जाए। यह पेंशन उनहें 60 साल की आयु तक दी जाए। हरियाणा स्वतंत्रता सेनानी सम्मान समिति की मेंबर कमेटी का पुनर्गठन करके उत्तराधिकारी सम्मान समिति में जल्द से जल्द मर्ज की जाए। स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों को भी आईकार्ड जारी किए जाएं। स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों को कैशलेस उपचार की सुविधा दी जाए। स्वतंत्रता सेनानियों परिवार को राष्ट्रीय परिवार घोषित किया जाए। 15 अगस्त, 26 जनवरी को सरकार की ओर से सम्मानित कार्यक्रम में पुलिस की ओर से परिवारों को अपमानित किया जाता है। इसे बंद किया जाए।