पुराने गवर्नमेंट कॉलेज मैदान में चल रहे पांच दिवसीय स्वदेशी मेला मंगलवार को संपन्न हो गया। अंतिम दिन वंदे मातरम कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को देशभक्तिमय बना दिया। इसके अलावा एकल गान व रंगोली प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्वदेशी मेले के पांचवें दिन की शुरुआत समरसता महायज्ञ के साथ की गई। इस दौरान जनकल्याण की कामना करते हुए स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया गया। इसके उपरांत स्कूल के छात्रों के लिए एकल गान व रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। गीत गायन से जहां विद्यार्थियों ने स्वदेशी मेले के मंच पर रंग जमा दिया, वहीं रंगोली के माध्यम से बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को साकार रूप दिया। सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा दोपहर बाद देशभक्ति कार्यक्रम वंदे मातरम् का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भी प्रतिभागियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और एक से बढ़कर प्रस्तुति दी। इस अवसर पर स्वदेशी मेला प्रांतीय प्रमुख अनिल गोयल ने बताया कि स्वदेशी की अलख जगाने के लिए हरियाणा के हर जिले में स्वदेशी मेले लगाए जा रहे हैं। इस मौके पर मेला संयोजक दिनेश चुघ, मेला सह संयोजक सुमन ऐरन व प्रदीप बामल, मेला प्रमुख संजीव शर्मा, मोना जैन, ऋचा जांगड़ा आदि मौजूद रहे।