संवाद न्यूज एजेंसी हांसी के पॉश सेक्टर-5 में पानी को लेकर शुरू हुआ आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। अनिश्चितकालीन धरना आज चौथे दिन भी जारी रहा, जहां किसान संगठनों ने पहुंचकर सेक्टरवासियों को अपना समर्थन दिया और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की। लगातार धरने को लोगों का समर्थन मिल रहा है। लोगों की मांग है जब तक पानी नहीं मिलेगा, तब तक धरना रहेगा। हांसी के सेक्टर-5 में वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे लोगों का अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन भी जारी रहा। धरने को समर्थन देने पहुंचे भारतीय किसान यूनियन संगठन ने कहा कि हर नागरिक को उसके घर तक नियमित और पर्याप्त पेयजल मिलना चाहिए। अभिमन्यु कोहाड़ प्रदेश अध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि सेक्टर-5 के लोगों को लंबे समय से पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की जिम्मेदारी है।हम सभी सेक्टर-5 के लोगों के साथ हैं। जब भी हमें बुलाया जाएगा, हम उनके समर्थन में खड़े मिलेंगे। जब तक नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं होती, तब तक इस आंदोलन में पूरा सहयोग रहेगा। धरने पर बैठे शशिकांत यादव और सर्व व्यापार मंडल के प्रधान बजरंग बंसल ने कहा कि सेक्टर-5 के लोगों की मांग केवल नियमित पेयजल आपूर्ति की है। उनका कहना है कि वर्षों से सेक्टरवासी पानी की समस्या झेल रहे हैं, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जब तक सेक्टर-5 में नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी रहेगा। धरनारत लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग करते हुए कहा कि अब वे अपनी इस लड़ाई को अंत तक जारी रखेंगे