हांसी के शहीद हुक्म चंद पार्क की देखरेख और विकास के लिए बनाई गई आरडब्ल्यूए की कमेटी में विवाद सामने आ गया है। कमेटी की उपप्रधान शमा मल्होत्रा ने एडीसी लक्षित सरीन के समाने इस्तीफा रखते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं आरडब्ल्यूए प्रधान नंद किशोर ने भी अपने पक्ष में सफाई दी है। हांसी के शहीद हुक्म चंद पार्क के विकास के लिए गठित आरडब्ल्यूए कमेटी में उस समय विवाद खड़ा हो गया जब उपप्रधान शमा मल्होत्रा ने एडीसी लक्षित सरीन के सामने अपना इस्तीफा रख दिया। शमा मल्होत्रा का आरोप है कि उन पर आरएसएस से जुड़ने का दबाव बनाया गया और जब उन्होंने इसमें शामिल होने से इनकार किया तो उन पर इस्तीफा देने का दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि वह किसी भी संगठन में अपनी इच्छा के विरुद्ध शामिल नहीं होंगी। वहीं आरडब्ल्यूए प्रधान नंद किशोर ने इन आरोपों पर बोलते हुए कहा कि शमा मल्होत्रा ने छात्र आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट की थी और गोबर भक्त जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिसे राष्ट्रीय सम्मान के खिलाफ माना गया। नंद किशोर ने कहा कि वह पिछले 50 वर्षों से आरएसएस के सदस्य हैं और राष्ट्र व प्रधानमंत्री के सम्मान के खिलाफ की गई टिप्पणी को स्वीकार नहीं किया जा सकता।