डाबड़ा चौक ओवरब्रिज पर शुक्रवार शाम को एक चलती कार में आग लग गई। गनीमत यह रही कि कार चालक को घटना का तुरंत पता चल गया। उसने तुरंत कार को ब्रेक लगाई और कार चालक व एक अन्य सुरक्षित बाहर निकल आए। उन्होंने घटना की सूचना डायल 112 व दमकल को दी। मगर दमकल गाड़ी के मौके पर पहुंचने तक पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। फतेहाबाद निवासी विवेक ने बताया कि वह अपने भाई व रतिया निवासी नरेंद्र और दो अन्य लोगों के साथ हिसार के एक कार शोरूम पर नई कार खरीदने आए थे। कार खरीदने के बाद वो वापस फतेहाबाद जा रहे थे। पुरानी कार में वह और उसका भाई नरेंद्र था, जबकि नई कार में दो अन्य व्यक्ति थे। शाम करीब 6 बजकर 5 मिनट पर वह जैसे ही डाबड़ा चौक ओवरब्रिज पर पहुंचे तो पास से गुजर रहे एक बाइक चालक ने उसे बताया कि उनकी कार में आग लगी हुई है। इस पर उसने तुरंत ओवरब्रिज पर कार रोकी और वो दोनों कार से बाहर निकल आए। बाहर आकर उसने देखा कि कार की फॉग लाइट वाली जगह से चिंगारी उठ रही थी। उसने एक कपड़े की मदद से आग को बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग नहीं बुझी और फैलती गई। इस पर उन्होंने करीब 6 बजकर 20 मिनट पर डायल 112 पर कॉल की। कुछ देर बाद जाकर उनका फोन मिला। इसी बीच वहां मौजूद लोगों ने दमकल को भी फोन किया। करीब 7 बजे दमकल व डायल 112 मौके पर पहुंची। मगर तब तक गाड़ी पूरी तरह से जल चुकी थी। वहीं इस घटना के दौरान पुलिस को ओवरब्रिज पर एक तरफ का ट्रैफिक रोककर उसे डायवर्ट करना पड़ा। इससे दिल्ली रोड पर जाम लग गया।