हिसार डिपो रोडवेज कर्मचारियों ने सांझा संघर्ष समिति के आह्वान पर चार घंटे तक बस के गेट बंद कर प्रदर्शन किया। चार घंटे की हड़ताल के कारण 45 बसों के पहिए थमे रहे। रोडवेज बसें ना चलने के कारण यात्री भीषण गर्मी में सिर पर बैग रखकर बसों की तलाश करते रहे। कर्मचारियों ने बस स्टैंड के मुख्य गेट सहित तीनों गेटों को बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। जिस कारण यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। लंबी दूरी की बसें सुबह व शाम को सामान्य दिनों की तरह चली तो लॉकल रूट बरवाला, उकलाना, आदमपुर के प्रभावित रहे। हालांकि रोडवेज प्रबंधन ने पहले से ही काफी बसों को बस स्टैंड से बाहर निकाल दिया था। ये बसें बस के मैन गेट से सवारियों को बैठा कर चलती रही। बस स्टैंड के बाहर मुख्य मार्ग बसों की लंबी कतार लगी होने से दिनभर शहर में जाम की स्थिति बनी रही।