केंद्र सरकार की ओर से जीएसटी दरों में रियायत दिए जने पर भाजपा की ओर से धन्यवाद मोदी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के आयोजक मेयर प्रवीण पोपली ने शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा कि इस कटौती का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचेगा। व्यापारियों को काफी फायदा होगा। कारोबार में तेजी आएगी। धन्यवाद मोदी जी कार्यक्रम रविवार 14 सितंबर का अग्रसेन भवन में आयोजित होगा। जिसमें जिले भर के व्यापारी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली मुख्य अतिथि होंगे। मेयर प्रवीण पोपली ने कहा कि केंद्र सरकार ने बजट 2025-26 में आयकर में आमजन को 12 लाख रुपये तक की छूट देकर ऐतिहासिक कदम उठाया था। 12 प्रतिशत दर वाली सभी वस्तुएं अब केवल 5 प्रतिशत की दर से उपलब्ध होंगी। 28 प्रतिशत श्रेणी में आने वाली अधिकांश वस्तुओं पर कर को घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे व्यापार जगत को नई ऊर्जा मिलेगी। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कर रही हैं। इस अवसर पर जिला महामंत्री आशीष जोशी, प्रवीण जैन, मीडिया प्रभारी सुरेश गोयल धूप वाला आदि उपस्थित रहे।