गुरु दक्ष पॉलिटेक्निक कॉलेज में लंबे अंतराल के बाद नए टीचिंग ब्लॉक का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। काफी समय से कॉलेज परिसर में कोई बड़ा शैक्षणिक भवन नहीं बना था, जबकि इस दौरान विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर लगभग 3000 तक पहुंच गई। संस्थान में 13 कोर्स संचालित होने के कारण कक्षाओं और प्रयोगशालाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब प्रस्तावित दो मंजिला भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ कक्षाएं, लैब, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और मल्टीपरपज हॉल का निर्माण किया जाएगा, जिससे संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। गुरु दक्ष पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रस्तावित नया टीचिंग ब्लॉक ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर सहित दो मंजिला होगा। दोनों फ्लोर 3900-3900 वर्गमीटर क्षेत्र में बनाए जाएंगे। कुल मिलाकर लगभग 7800 वर्गमीटर क्षेत्र में फैला यह भवन कॉलेज के बुनियादी ढांचे को काफी विस्तार देगा।