नवीन शर्मा पति पत्नी के बीच तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन,मामले की अगली सुनवाई 5 अगस्त को, परिजनों का आरोप यह एक्सीडेंट नहीं मर्डर संवाद न्यूज एजेंसी हांसी के दिल्ली नेशनल हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में 31 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा सोरखी के पास हुआ, जहां बहादुरगढ़ निवासी विकास की बाइक एक ट्रक से टकरा गई। घायल अवस्था में ट्रक चालक उसे हांसी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आपको बता दे कि मृतक विकास बहादुरगढ़ में अपने परिवार के साथ रहता था और कंप्यूटर कोर्स कर रहा था। उसकी पत्नी दिल्ली में रहती है और दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन था। परिवार के मुताबिक, मामले की अगली सुनवाई 5 अगस्त को होनी थी। परिजनों ने विकास की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि हादसे की सूचना मिलने पर वे सोरखी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिवार का दावा है कि बाइक को उतना नुकसान नहीं पहुंचा था, जिससे इतनी गंभीर दुर्घटना होने का अंदाजा लगाया जा सके। विकास के बड़े भाई निरंजन ने बताया कि विकास दो भाइयों में छोटा था। परिवार मूल रूप से भिवानी जिले के तोशाम क्षेत्र के गांव निगाना खुर्द का रहने वाला है और वर्तमान में बहादुरगढ़ में रह रहा था। उनके पिता दलबीर सिंह बैंक से सेवानिवृत्त मैनेजर हैं। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर रवि ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है और उसी आधार पर कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।