गांव नागपुर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में गांव खुनन निवासी 17 वर्षीय गुरप्रीत सिंह की मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से मौत हो गई। पुलिस ने नाबालिग मृतक गुरप्रीत के दादा गुरदीप सिंह के बयानों के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई कर रविवार शाम को शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। जिसके बाद देर शाम को मृतक गुरप्रीत का गांव में अंतिम संस्कार किया गया। हालांकि नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मौके पर पहुंचे मृतक गुरप्रीत के चाचा नवनीत, मामा राजू व अन्य परिजनों ने गुरप्रीत की हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि कुछ लोगों ने गुरप्रीत की पहले हत्या की और बाद में सड़क दुर्घटना का रूप देकर खेतों में फेंक दिया। इसलिए गुरप्रीत के मौत मामले की हत्या के तहत जांच की जाए। सदर थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को मृतक 17 वर्षीय युवक के दादा गुरदीप ने बयान देकर बताया है कि रविवार सुबह जब उनका परिवार उठा तो देखा कि उसका पोता गुरप्रीत घर से गायब था इसके बाद हमने गुरप्रीत की तलाश की तो किसी ग्रामीण ने गांव से थोड़ी दूर एक युवक के सड़क दुर्घटना की बात बताई तो वह परिवार सहित मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि सुबह पेड़ से टकराने के बाद उक्त युवक की मौत हुई है। पुलिस ने मृतक गुरप्रीत के दादा के बयानों के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया, हालांकि उनके समक्ष किसी भी परिजन हत्या या अन्य कोई शिकायत नहीं दी है। उन्होंने कहा कि शिकायत आने के बाद शिकायत के आधार पर मामले की जांच भी की जाएगी।