टोहाना। वीरवार को क्षेत्र में हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख मार्ग और निचले इलाके जलमग्न हो गए। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर दो से तीन फीट तक पानी जमा होने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। बारिश के कारण बाजारों में भी सामान्य गतिविधियां प्रभावित रहीं। शहर के विभिन्न इलाकों भूना रोड, हिसार रोड, रतिया रोड, दमकौरा रोड, नई सब्जी मंडी, रेलवे रोड अनाज मंडी सहित अनेक मुख्य रोड और आवासीय कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। सड़कें तालाब जैसी नजर आईं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई। कई वाहन पानी में बंद हो गए, जबकि राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। जलभराव के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान यही स्थिति बन जाती है। समय पर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से थोड़ी देर की बारिश भी परेशानी का कारण बन जाती है। नागरिकों ने संबंधित विभाग से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।