सीआईए पुलिस टीम ने गांव नांगली के बाबा पीपल नाथ मंदिर से हुई चोरी के गंभीर मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों से सख्त पूछताछ जारी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुना के ढाणी सांचला निवासी शंकर, जय सिंह व रिंकू के तौर पर हुई है। डीएसपी उमेद सिंह ने बताया कि थाना सदर क्षेत्र के शिकायतकर्ता बलजीत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि 14 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने बाबा पिपल नाथ मंदिर से लगभग 5 किलो वजन का चांदी का छत्र चोरी कर लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए ने थाना सदर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305, 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड हासिल किया है। सभी आरोपियों से सख्त पूछताछ जारी है। मामले की जांच पूरी कड़ाई से एवं नियमों के अनुसार आगे भी जारी रखी जाएगी।