शहर के हिसार रोड पर लालबत्ती चौक के पास तीन दुकानों के सोमवार देर रात को चोरों ने ताले तोड़ दिए और नकदी चुराकर ले गए। चोरों ने पहले दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़े और फिर अंदर घुसकर डीवीआर भी साथ ले गए, ताकि वारदात के सबूत मिटाए जा सके। घटना का पता सुबह दुकानदारों लगा जब वह पहुंचे। चार दिन पहले भी इसी रोड पर दुकानों के ताले तोड़े गए थे और चोर सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया था। हिसार रोड स्थित रमेश स्कूटर सेंटर, नापा टायर वर्कशॉप और साथ लगती आरके वर्कशॉप को चोरों ने निशाना बनाया। चोर शटर के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए। रमेश स्कूटर सेंटर के संचालक दुकानदार रमेश ने बताया कि रात को अच्छी तरह दुकान बंद करके गए थे, सुबह पहुंचे तो ताले टूटे हुए मिले। चोरों ने आते ही सीसीटीवी तोड़े। इसके बाद डीवीआर निकाल ले गए। चोरों ने गल्ले में रखी करीब ढाई हजार रुपये की नकदी चुरा ली। वहीं, नापा टायर वर्कशॉप के संचालक ने अजय ने बताया कि सुबह दोनों ताले टूटे पड़े हुए थे। डीवीआर और कैमरे ले गए, लेकिन गल्ले में कुछ राशि थी, वह नहीं ले गए। आरके ऑटो गैरिज के संचालक हंसराज मराठी ने बताया कि चोर दुकान की अलमारी तोड़कर दो हजार रुपये की नकदी चुराकर ले गए है। सुबह पड़ोसी का फोन आया कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद शहर थाना प्रभारी सुरेंद्रा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की है।