नगर परिषद प्रशासन ने बुधवार को स्वच्छता पखवाड़ा के तहत मॉडल रोड पर सफाई अभियान चलाया। अभियान की शुरुआत सिरसा रोड से भटटू रोड की तरफ की गई। जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई, चेयरमैन राजेंद्र सिंह खिंची ने खुद झाड़ू लगाकर शुरुआत की। अभियान के दौरान नगर परिषद की पूरी टीम मौजूद रही। टीम जब अभियान चलाते हुए एसबीआई बैंक के पास पहुंची तो यहां बैंकों के बाहर जनरेटर, शोरूमों के आगे भी जनरेटर रखे मिले। इसके अलावा दुकानों के आगे शेड लगे हुए थे। डीएमसी ने अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए और मौके पर जेसीबी मंगवाई गई। कार्रवाई शुरू होते ही बैंकों के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और समय देने की मांग रखी, डीएमसी ने दो घंटे का समय दिया और कहा कि बैंकों के आगे से अवैध रूप से रखे जनरेटर हटवा लें।