बलियावाला हेड के पास (फतेहाबाद ब्रांच) पर बने नए फटे के नजदीक कट्टों के बीच एक अज्ञात व्यक्ति की डेड बॉडी मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना नवजोत सिंह ढिल्लों और उनकी टीम द्वारा तुरंत पुलिस प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही नवजोत सिंह ढिल्लों की टीम ने पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में नहर से डेड बॉडी को बाहर निकाला। मृतक के हाथ पर फूल का निशान पाया गया। मृतक ने नीले रंग का अंडरवियर, मेहंदी रंग की पैंट तथा चेकदार शर्ट पहन रखी थी। प्रथम दृष्टया डेड बॉडी एक से दो दिन पुरानी प्रतीत हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक के पैरों को मोड़कर चौकड़ी मारकर बोरी में बंद किया गया था तथा उसे गांठड़ी बनाकर बांधकर नहर में फेंका गया था। बोरी के अंदर कोयला और फूल भी मिले हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि किसी ने जल प्रवाह किया हो। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस और एसएचओ मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू की गई। बाद में डीएसपी भी शवगृह पहुंचकर डेड बॉडी का निरीक्षण करने पहुंचे और मामले की जानकारी ली। नवजोत सिंह ढिल्लों ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए डेड बॉडी को 72 घंटे के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है। साथ ही आसपास के सभी थानों तथा गोताखोरों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। यदि कोई व्यक्ति मृतक की पहचान करता है या उसके बारे में कोई जानकारी रखता है, तो तुरंत पुलिस प्रशासन या नवजोत सिंह ढिल्लों से संपर्क करने की अपील की गई है।