फतेहाबाद। भट्टूकलां थाना में तैनात एसआई रामपाल को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की फतेहाबाद यूनिट ने मंगलवार दोपहर को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट परिसर के बाहर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसीबी की टीम ने इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की है। इंस्पेक्टर मनमनोहन सिंह ने बताया कि गांव दहमान निवासी सुरेश कुमार ने शिकायत दी कि उसके चाचा के बेटे का मामला कोर्ट में विचारधीन है। मामले में दोनों पक्षों का समझौता हो चुका है और कोर्ट में गवाही चल रही थी। कोर्ट में मामले के जांच अधिकारी रामपाल पक्ष में गवाही देने के लिए 30 हजार रुपये की मांग कर रहे थे और 20 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। मंगलवार को आरोपी रामपाल ने रिश्वत की राशि लेने के लिए कोर्ट के बाहर बुलाया। शिकायकर्ता ने जब 20 हजार रुपये की राशि दी तो आरोपी सब इंस्पेक्टर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी के अधिकारियों के मुताबिक शिकायकर्ता ने बताया कि मामले में कोर्ट में गवाही पहले 20 को थी लेकिन आरोपी नहीं पहुंचा। इसके बाद सोमवार को भी आरोपी गवाही देने के लिए नहीं पहुंचा। शिकायकर्ता ने जब संपर्क किया तो उसने कहा कि 30 हजार रुपये पहले रिश्वत देनी पड़ेगी।