शहर की नई अनाजमंडी में रविवार सुबह सिरसा स्थित डेरा बाबा भूमण शाह के गद्दीनशीन बाबा ब्रह्मदास महाराज की ओर से सत्संग का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सत्संग में फतेहाबाद, सिरसा, हिसार सहित हरियाणा और पंजाब के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बाबा ब्रह्मदास महाराज श्रद्धालुओं को सत्संग, नाम-सिमरन और आध्यात्मिक जीवन से जुड़े संदेश दिए। साथ ही मानव जीवन में सेवा, सद्भाव और परोपकार के महत्व पर भी प्रकाश डाला। बाबा ब्रह्मदास महाराज ने कहा कि मन की गति की कोई सीमा नहीं होती है इसलिए हमें मन की चंचलता को वश में करने के लिए खुद को भक्ति में लगाना चाहिए, तभी हमारा मानव जीवन सफल होगा। मां, बहन बेटी का सदैव सम्मान करना चाहिए, क्योंकि घर की शोभा नारी से होती है। जहां नारी का सम्मान होगा, वहां देवताओं का वास होगा। उन्होंने कहा कि हमें नशे से सदैव दूर रहना चाहिए, क्योंकि नशे के कारण तन, मन व धन तीनों बेकार हो जाते है। इसके अलावा नशा करने वाले व्यक्ति का अस्पताल, जेल या श्मशान घाट ही ठिकाना होता है। उन्होंने खासकर, युवाओं को नशे से दूर रहकर समाज की सेवा में अपना जीवन लगाने के लिए प्रेरित किया।