शहर के आधे हिस्से में वीरवार को सातवें दिन भी सफाई नहीं हुई है। लिखित अनुमति न मिलने से एजेंसी ने काम शुरू नहीं किया है। नगर परिषद ने भी ठेका आगे बढ़ाने से इंकार कर दिया है और टेंडर को लेकर प्रक्रिया शुरू की है। नगर परिषद 6 माह के लिए टेंडर लगाएगा। एजेंसी के कर्मचारियों ने वीरवार को नगर परिषद के बाहर धरना शुरू कर दिया है। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें काम पर लिया जाए। शहर के आधे हिस्से में सफाई न होने से पार्षद मोहन लाल नारंग, चंद्रभान अधिकारियों से मिले और व्यवस्था बनाने की मांग की। नगर परिषद ने शहर के आधे हिस्से में सफाई का ठेका वर्ष 2024 में सन राइज ग्रुप को दिया था। 25 सितंबर 2025 को ठेका खत्म हो गया और तीन माह तक बढ़ाया गया। दिसंबर 2025 में ठेका खत्म हुआ तो आश्वासन दिया गया कि बढ़ा दिया जाएगा लेकिन नहीं बढ़ा और बीते शनिवार से आधे शहर में सफाई बंद है।