एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने मंगलवार दोपहर को सेल टैक्स विभाग के चपड़ासी और चालक को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। बैटरियों के स्क्रैप कारोबारी से आरोपी 50 हजार रुपये ले रहे थे। दोनों को रंगे हाथों पकड़ने के बाद टीम एसीबी कार्यालय में लेकर पहुंचे और प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में अब सेल टैक्स विभाग के अधिकारी संदेह के घेरे में है। मामले में विभाग के चालक धोलूराम और चपड़ासी सुशील की गिरफ्तारी हुई है। एसीबी के अधिकारियों के मुताबिक आरोपी धोलूराम ईटीओ का चालक है। एसीबी के इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि जींद जिले के धमतान साहिब निवासी स्क्रैप कारोबारी बिशनदत्त ने एसीबी टीम को शिकायत दी थी कि उससे सेल्ज टैक्स विभाग के अधिकारी रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। बिशनदत्त ने विभाग में कार्यरत ड्राइवर धोलूराम और चपरासी सुशील कुमार को हिसार रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास बुला लिया। यहां जैसे ही 50 हजार रुपये थमाए तो टीम ने उन्हें काबू कर लिया गया।