रुपावाली एवं खासवा गांव स्थित शराब ठेकों पर हुई लूट की दोनों वारदातों को पुलिस ने सुलझा लिया है। सीआईए टोहाना, थाना जाखल एवं थाना सदर टोहाना की संयुक्त टीम ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक अवैध 32 बोर पिस्टल, एक 315 बोर का देशी कट्टा तथा वारदात में प्रयुक्त गंडासी भी बरामद कर ली है। एएसपी दिव्याशी सिंगला ने बताया कि दिनांक 02 जुलाई 2026 की रात गांव रुपावाली स्थित शराब ठेके पर भी हमला कर सेल्समैन से मारपीट करते हुए 4,000 नकद एवं शराब लूट ली थी। इसी गिरोह ने उसी रात गांव खासवा स्थित शराब ठेके पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर सेल्समैन से मारपीट कर लगभग 30,000 की नकदी लूट ली थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। लगातार तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र एवं गुप्त सूचनाओं पर कार्य करते हुए पुलिस को सूचना मिली कि कुछ अपराधी पंजाब सीमा से सटे जाखल क्षेत्र में अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।सूचना के आधार पर एसआई जग्गा सिंह के नेतृत्व में सीआईए टोहाना की टीम ने सिकंदर पुत्र रूपा सिंह निवासी रत्ताथेह, तहसील जाखल को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 32 बोर पिस्टल बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी सिकंदर थाना जाखल में दर्ज अभियोग संख्या 106 दिनांक 11.08.2025 धारा 103(1), 140(1), 190, 191(3) बीएनएस के तहत दर्ज हत्या के चर्चित मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। इस हत्या के मामले में उसके आठ साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे, जबकि सिकंदर लगातार फरार होकर पुलिस से बचता फिर रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया था। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में पहुंचा दिया। इसी दौरान एएसआई जयदेव सिंह के नेतृत्व में दूसरी टीम ने जाखल के निकट रेलवे पुल कड़ैल चौक पर नाकाबंदी के दौरान विजय उर्फ चांदी पुत्र लक्ष्मण सिंह उर्फ लच्छा निवासी कुलरिया, जिला मानसा (पंजाब) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। दोनों आरोपियों से वैज्ञानिक एवं गहन पूछताछ के दौरान उन्होंने गांव खासवा एवं रुपावाली के शराब ठेकों पर हुई दोनों लूट की वारदातों को स्वीकार कर लिया। इनके खुलासे पर तीसरे आरोपी जश्न सिंह उर्फ राठा पुत्र सोनी सिंह निवासी कुलरिया, तहसील बुढलाडा, जिला मानसा (पंजाब) को थाना सदर टोहाना पुलिस ने चांदपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया तथा उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गंडासी भी बरामद कर ली। तीनों आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, अवैध हथियार एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी सिकंदर एवं विजय को माननीय न्यायालय में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था, जबकि आरोपी जश्न सिंह को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।