टोहाना में देर रात एक सड़क हादसा हुआ। हिसार रोड स्थित 132 केवी बिजली घर के पास एक क्रेटा कार बाइक सवार को बचाते समय अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। कार में सवार हिसार का एक परिवार शादी समारोह से लौट रहा था, जो पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, क्रेटा गाड़ी नंबर HR 20 AK 5671 में सवार परिवार टोहाना में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। वापस हिसार लौटते समय, 132 केवी बिजली घर के पास सामने से एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार चालक ने गाड़ी को साइड में किया, जिससे कार असंतुलित होकर बिजली घर की दीवार से जा टकराई। गाड़ी में दंपती अपने दो बच्चों के साथ यात्रा कर रहे थे। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और परिवार सुरक्षित बच गया। टक्कर के बाद गाड़ी के दोनों एयरबैग खुल गए, जिससे सभी यात्री सुरक्षित रहे। प्रत्यक्षदर्शी राहुल ने बताया कि परिवार शादी कार्यक्रम में भाग लेने के बाद हिसार लौट रहा था। सामने से आ रही बाइक को बचाने के चक्कर में गाड़ी अनियंत्रित होकर बिजली घर की दीवार से टकराई। उन्होंने पुष्टि की कि एयरबैग खुलने के कारण परिवार सुरक्षित रहा।