शहर के रतिया रोड स्थित अनाज मंडी परिसर में रविवार को पगड़ी संभाल जट्टा किसान संगठन की ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मनदीप नथवान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान संगठन का विस्तार करते हुए गांव अमानी के पूर्व सरपंच अमरपाल शर्मा व वार्ड 18 के रामफल खोबड़ा को संगठन में शामिल किया गया। प्रदेश अध्यक्ष मनदीप नथवान ने कहा कि पगड़ी संभाल जट्टा संगठन सफाई कर्मचारियों की मांगों का पूर्ण समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी जमीन स्तर पर काम कर क्षेत्र को स्वच्छ बनाते हैं। सरकार को उनकी मांगें तुरंत माननी चाहिए। संगठन उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। नथवान ने बताया कि 27 मई को शहीद करतार सिंह सराभा के जन्मदिन पर फतेहाबाद की हिसार रोड स्थित सब्जी मंडी में किसान-मजदूर पंचायत होगी। आरोप लगाया कि सरकार किसान-मजदूरों को तंग करने के लिए नए कानून ला रही है। पंचायत में खाद व डीएपी की कालाबाजारी रोकने, फसलों पर एमएसपी गारंटी कानून लागू करने व सफाई कर्मचारियों की मांगों का मुद्दा उठेगा। इसके बाद डीसी कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के खाने के तेल का प्रयोग कम करने वाले बयान की निंदा की। कहा कि पीएम कालाधन वापस लाने की बात करते थे, लेकिन उसे वापस नहीं ला सके। बैठक में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।