फतेहाबाद जिले की अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों पर त्योहारों को लेकर बुधवार से खरीद बंद है। लेकिन अब त्योहार खत्म हो चुके हैं। जिसके कारण सोमवार को फिर से धान की सरकारी खरीद शुरू हो जाएगी। ऐसे में कई किसान जो धान की फसल को मंडी में रखकर खरीदारों का इंतजार कर रहे हैं उन्हें अब धान बिकने की उम्मीद है। फतेहाबाद की पुरानी अनाज मंडी में पहुंचे गांव खाराखेड़ी के किसान राजकुमार ने बताया कि 25 अक्तूबर को अपनी धान की फसल को लेकर मंडी में लेकर आया था। लेकिन मंडी में आढ़तियों ने मेरी फसल में नमी की मात्रा ज्यादा बताकर खरीद करने से मना कर दिया। खरीद एजेंसियों की नमी जांच की मशीन हर बार अलग-अलग नमी की मात्रा बता रही है। जब गांव में नमी की जांच की करवाई थी तो नमी 17 फीसदी पाई गई थी। मंडी में पहुंचने के बाद नमी मात्रा 19 फीसदी हो गई है। जिसके के कारण मैं अपनी धान की फसल को नहीं बेच पाया हूं। अब सोमवार को खरीद दोबारा से शुरू हाेने के बाद ही मेरी फसल की खरीद होने की उम्मीद है।