सिख धर्म की प्रथम पातशाही गुरु नानक देव महाराज के 554वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पाकिस्तान में गुरुधामों के दर्शनों के लिए 34 सदस्यीय सिख तीर्थ यात्रियों का जत्था रतिया से रवाना हुआ। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व उपप्रधान स्वर्ण सिंह ने पुराना बाजार स्थित गुरुद्वारा साहिब से जत्थे को रवाना किया। गुरुद्वारा कमेटी के हेड ग्रंथी बाबा किशन सिंह ने बताया कि गुरु नानक देव महाराज के प्रकाश पर्व पर कमेटी हर साल सिख तीर्थ यात्रियों का जत्था पाकिस्तान स्थित गुरुधामों के दर्शनों के लिए भेजती है। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भूपेंद्र सिंह असंध व धर्म प्रचार के चेयरमैन जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल के नेतृत्व में हरियाणा से लगभग 400 श्रद्धालुओं ने पाकिस्तान स्थित गुरु धाम के दर्शनों के लिए एंबेसी में अप्लाई किया था। पाकिस्तान दूतावास को इनकी सूची भेजी गई थी, इसमें से 150 श्रद्धालुओं को वीजा मिला है। फतेहाबाद जिले से 81 लोगों ने इसके लिए आवेदन किया था। इनमें से रतिया क्षेत्र के 10 लोगों सहित जिलेभर के 34 श्रद्धालुओं को वीजा प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि तय कार्यक्रम के मुताबिक यह जत्था रतिया से अमृतसर पहुंचकर रात्रि विश्राम के बाद 14 नवंबर को वाघा बॉर्डर के रास्ते ननकाना साहिब पाकिस्तान जाएगा। जहां 15 नवंबर को गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेगा। तीर्थ यात्रियों का यह समूह विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन के बाद 23 नवंबर को भारत लौटेगा। रतिया गुरुद्वारा साहिब के मैनेजर वीरेंद्र सिंह विर्क व हरियाणा गुरुद्वारा कमेटी से सहायक सुपरवाइजर रघुवीर सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए किसी भी प्रकार की कोई भी रास्ते व रहन-सहन के लिए समस्या नहीं आने दी जाएगी। इस दौरान फतेह सिंह, गुरचरण सिंह, मनजीत सिंह, शीशपाल सिंह, जरनैल सिंह, निशान सिंह, जगसीर सिंह, पलविंदर सिंह, जसपाल सिंह, सिमरजीत कौर, तेगजिंदर कौर सहित गुरुद्वारा कमेटी सदस्य व अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।