राम सेवा समिति चिल्ली वाली धर्मशाला में चल रहे रामलीला महोत्सव में इस बार धार्मिक रंग के साथ सामाजिक संदेश भी पिरोया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद की ओर से दर्शकों और श्रद्धालुओं को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया गया। नगर परिषद की टीम ने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे सूखा और गीला कचरा अलग-अलग डालें और घर-परिवार से लेकर बाजार तक सफाई बनाए रखने में योगदान दें। साथ ही प्लास्टिक बैग का उपयोग न करने का संकल्प भी दिलाया गया। मौके पर लोगों को पर्यावरण हितैषी कपड़े के बैग वितरित किए गए, ताकि वे रोजमर्रा की खरीददारी में प्लास्टिक की जगह इनका इस्तेमाल करें। इस अवसर पर नगर परिषद फतेहाबाद के सचिव गोविंद ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। अगर लोग मिलकर प्रयास करेंगे तो फतेहाबाद शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का सपना आसानी से पूरा किया जा सकता है। वहीं, स्वच्छ भारत मिशन के सिटी टीम लीडर कुमार सौरभ ने कहा कि स्वच्छता अपनाना अब जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्लास्टिक का बहिष्कार करें और गंदगी फैलाने की बजाय सफाई को आदत बनाएं। धर्मशाला में रामलीला देखने पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी नगर परिषद की इस पहल की सराहना की और कहा कि धार्मिक आयोजनों में इस तरह के सामाजिक संदेश शामिल होना समाज को नई दिशा देने का काम करते हैं।